रांची। रिम्स में मंगलवार रात मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। इलाज में लापरवाही और देरी का आरोप लगाते हुए मृतक के स्वजनों तथा जूनियर डॉक्टरों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना के बाद मेडिसिन विभाग परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से इलाज के लिए लाए गए एक मरीज की मेडिसिन वार्ड में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद स्वजनों ने इलाज में लापरवाही और देरी का आरोप लगाते हुए ड्यूटी पर मौजूद जूनियर डॉक्टरों से जवाब-तलब किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान एक स्वजन द्वारा जूनियर डॉक्टर पर हाथ उठाने की बात सामने आई, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ जूनियर डॉक्टरों ने स्वजनों को मेडिसिन आईसीयू कक्ष में ले जाकर उनके साथ मारपीट की। स्वजनों का दावा है कि उन्होंने खिड़की का शीशा तोड़कर किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टर रात करीब नौ बजे ट्रामा सेंटर पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था तथा डॉक्टरों पर हुए कथित हमले को लेकर आक्रोश जताने लगे। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान आपातकालीन विभाग की सेवाएं भी लगभग एक घंटे तक प्रभावित रही, जिससे गंभीर मरीजों और उनके स्वजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version