
भोपाल,। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, मप्र उच्च न्यायालय के अग्रिम जमानत निरस्त किए जाने के ठीक अगले दिन आज गुरुवार सुबह करीब सीबीआई के अधिकारी उनके भोपाल स्थित निवास पर पहुंच गए थे। घर के भीतर लगभग सात घंटे तक चली लंबी और कड़ी पूछताछ के बाद शाम 5:10 बजे सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम अब गिरिबाला सिंह को मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी में है।
सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे बागसेवनिया थाने के टीआई अमित सोनी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी औपचारिकताओं और डॉक्टरी परीक्षण के बाद आरोपित पूर्व जज को आज ही अदालत में पेश किया जाएगा। इस हाई प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी को देखते हुए कटारा हिल्स और बागसेवनिया थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है और घर के आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
गिरफ्तारी से पहले गुरुवार को दिनभर चली कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने पर विशेष जोर दिया। जांच दल ने गिरिबाला सिंह के पूरे घर और परिसर की हाई इंटेंसिटी थ्रीडी कैमरों के जरिए 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। इसके साथ ही आसपास की भौगोलिक स्थिति और लोकेशन को भी आधुनिक उपकरणों से स्कैन किया गया, ताकि तकनीकी रूप से यह सटीक अनुमान लगाया जा सके कि घटना वाला कमरा या हिस्सा किसी पड़ोसी मकान की छत, खिड़की या बालकनी से साफ दिखाई देता है या नहीं।
गौरतलब है कि बुधवार को ही मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया था। उच्च न्यायालय ने अपने 17 पन्नों के कड़े आदेश में स्पष्ट कहा था कि मृतका के शरीर पर मिलीं संदिग्ध चोटों, मामले की गंभीरता और जांच के शुरूआती दौर को देखते हुए आरोपित को खुला छोड़ना न्यायोचित नहीं है। इसी आदेश को आधार बनाते हुए सीबीआई ने त्वरित कार्रवाई की।
मामले में ट्विशा के आरोपित पति समर्थ सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह 29 मई तक सीबीआई की कस्टडी रिमांड पर है। सीबीआई दोनों आरोपितों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर सकती है। बता दें कि 12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था, जिसके बाद 24 मई को दिल्ली ऐम्स की टीम ने भोपाल आकर दोबारा शव का पोस्टमॉर्टम किया था। अब इस मामले की जांच सीबीआई ने अपने हाथों में ली है।
