कोडरमा। जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत मौजा चांदडीह ग्राम लक्ष्मणडीह में शुक्रवार धर्म परिवर्तन कराए जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान धर्म परिवर्तन के खेल में शामिल दर्जनों महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि ग्रामीणों को गुमराह कर इस कार्य को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लक्ष्मणडीह निवासी महेंद्र राजवंशी के घर में दर्जनों की संख्या में महिलाओं को जुटाकर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। स्थानीय ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी और धर्म परिवर्तन का संदेह हुआ तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सतगावां थाना को दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह और अंचलाधिकारी केशव प्रसाद चौधरी पुलिस बल और महिला पुलिस कर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दर्जनों महिलाओं को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए सतगावां थाना लाया गया। तलाशी और जांच के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं के पास से ईसाई धर्म से जुड़ी बाइबिल किताब बरामद की गई है। थाने में पूछताछ के दौरान धर्म परिवर्तन टीम में शामिल एक महिला ने स्वीकार किया कि वे लोग पिछले 02 वर्षों से अधिक समय से इस संगठन से जुड़े हुए हैं।

महिला ने बताया कि उन्हें जहां भी बुलाया जाता है वे वहां प्रार्थना के लिए जाते हैं और वे लोग क्रिश्चियन संगठन में जाकर नियमित रूप से प्रार्थना करते हैं। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही धर्म परिवर्तन का मुख्य मास्टरमाइंड मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि सतगावां थाना क्षेत्र के गांगडीह, वैधडीह, लक्ष्मणडीह, सिहास, बिझबरिया, रामशाला और अन्य क्षेत्रों के दो मुख्य लोग इन सभी को बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन करवाने का कार्य कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार सतगावां प्रखंड के कई सुदूरवर्ती और ग्रामीण इलाकों में धर्म परिवर्तन का यह सिलसिला काफी समय से चोरी छिपे चल रहा है जहां सीधे साधे ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर निशाना बनाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर इस रैकेट के मुख्य सरगनाओं का पता लगाने में जुटी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version