वॉशिंगटन ।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला प्रमुख एलन मस्क के बीच बढ़ता विवाद अब सार्वजनिक रूप ले चुका है। ट्रंप ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि उनकी मस्क से बात करने की कोई योजना नहीं है, और उन्होंने संकेत दिया कि मस्क की कंपनियों को मिलने वाले भारी-भरकम सरकारी ठेकों की समीक्षा की जाएगी।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ‘मैं मस्क के बारे में नहीं सोच रहा। मुझे उम्मीद है कि वह टेस्ला के साथ अच्छा करेंगे, लेकिन हम उनकी सभी सरकारी डील्स पर नजर डालेंगे। ये बहुत बड़ी रकम है।’

हाल ही में एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रंप द्वारा प्रस्तावित रिपब्लिकन टैक्स-कट और खर्च विधेयक को ‘घृणित और शर्मनाक’ बताया था। उन्होंने दावा किया कि यह बिल अमेरिका के 36.2 ट्रिलियन डॉलर के कर्ज को और बढ़ाएगा। मस्क ने यहां तक कह दिया कि अब समय आ गया है कि अमेरिका में 80% मध्यवर्ग के लोगों” के लिए एक नया राजनीतिक दल बने।

मस्क के इन बयानों के बाद ट्रंप ने नाराज़गी जताई और कहा कि उन्हें मस्क से “बहुत निराशा” हुई है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के मुताबिक, ट्रंप मार्च में खरीदी गई रेड टेस्ला मॉडल एस को भी व्हाइट हाउस परिसर से हटवा सकते हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने इशारा किया है कि मस्क की कंपनियों—SpaceX और Starlink—के साथ किए गए अरबों डॉलर के अनुबंधों की समीक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ‘हम सब कुछ देखेंगे’। वहीं, मस्क ने पलटवार में धमकी दी कि वह स्पेसएक्स के ‘ड्रैगन’ अंतरिक्ष यान को निष्क्रिय कर सकते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक मानव भेजने वाला एकमात्र अमेरिकी यान है। हालांकि बाद में उन्होंने इस बयान से पीछे हट लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version