पटना। बिहार के 9 जिलों में सोमवार को भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है। वहीं पटना सहित तीन जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बिहार के एक या दो स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रास्ते गर्म पछुआ हवा का सूबे में प्रवाह जारी है। पटना सहित सूबे के आधे से अधिक जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पटना सहित प्रदेश के 17 शहर भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहे। राज्य का सबसे गर्म जिला 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर रहा। यहां दिन का तापमान सामान्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, गया जहानाबाद, नवादा में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है। वहीं पटना, नालंदा, जमुई में लू का येलो अलर्ट है।

17 शहरों में भीषण गर्मी : मुंगेर लू की चपेट में रहा। वहीं गया, छपरा, डेहरी, बिक्रमगंज, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, जीरादेई, अरवल भीषण गर्मी की चपेट में रहा।

पटना का अधिकतम पारा गिरा : पटना के अधिकतम तापमान में रविवार को 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाबजूद पटना का अधिकतम तापमान समान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 295 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version