
रांची । झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर सीआईडी और रांची पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ रांची, धनबाद, बोकारो, देपघर, गोड्डा और रामगढ़ जिले में समेत 15 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की।



सूत्रों के अनुसार, छापेमारी उन लोगों और ठिकानों पर केंद्रित रही, जिनका नाम जांच के दौरान सामने आया है या जिनके परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े होने की आशंका है। कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य खंगाले गए।
सीआईडी की टीम जेपीएससी परीक्षा से संबंधित दलाल, परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल से जुड़े सभी ठिकानों पर छापामारी कर रही है। पिछले कई दिनों से चल रही सीआईडी की छानबीन के बाद 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनसे पूछताछ के बाद ही सीआईडी ने छापेमारी शुरू की है।
सूत्रों के अनुसार जेपीएससी परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की शिकायत पर अभय तिवारी से पूछताछ के आधार पर ये कार्रवाई की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिन ठिकानों पर छापेमारी की गई है, उनमें कोचिंग संस्थान सहित ठिकाने शामिल है। बताया गया है कि रांची के नामकुम, धुर्वा सहित कई इलाकों पर देर रात से छापेमारी चल रही है। नामकुम के आदित्य पांडेय के घर पर छापेमारी हुई है। एक कोचिंग इंस्टिट्यूट चलाने वाले शिक्षक रवि के पलामू स्थित घर पर भी कार्रवाई हुई है।

