जमशेदपुर । झारखंड के जमशेदपुर के आदित्यपुर सबटाउन में मंगलवार को भाजपा नेता सपन दास के आवास पर स्कूटी सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सपन दास का घर सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत सालडीह बस्ती में स्थित है। चश्मदीदों के मुताबिक अपराधी स्कूटी से पहुंचे थे और भाजपा नेता के घर की खिड़की को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान हमलावरों ने गाली-गलौज भी की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। स्थानीय स्तर पर हमलावरों की पहचान कुख्यात राजू उर्फ ‘टकला’ और चंदन के रूप में की गई है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकतार्ओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

लोगों ने पुलिस प्रशासन पर शिथिलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हीं अपराधियों ने बीते 4 अप्रैल को भी क्षेत्र में हिंसक वारदात की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले हुई घटना के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किया जाना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का मुख्य कारण है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी के बाद सालडीह बस्ती में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चिन्हित अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version