रांची। रांची के प्रसिद्ध कावेरी रेस्टोरेंट के संचालक लव भाटिया ने गुरुवार को जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस अप्रत्याशित घटना के बाद शहर के कारोबारी जगत में शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय लव भाटिया अपने रेस्टोरेंट में ही मौजूद थे।

इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह रेस्टोरेंट परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़े। वहां मौजूद कर्मचारियों और परिचितों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई गणमान्य कारोबारी और उनके परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान भेज दिया है।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और मामले की शुरूआती छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला जहर सेवन कर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है। उधर, लव भाटिया की अचानक हुई इस मौत से उनके परिवार और करीबियों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version