
रांची। राशन लेने के लिए अब जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान पर डीलर का इंतजार करने और लंबी कतार में खड़े रहने की परेशानी कम हो सकती है। राजधानी में सरकारी अनाज वितरण की व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में ग्रेन एटीएम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर अंचल परिसर में स्थापित होने वाली अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ मशीन रांची पहुंच चुकी है। इसके लिए परिसर में आवश्यक निर्माण कार्य और तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं। स्थापना के बाद मशीन का ट्रायल होगा। इसके सफल रहने पर इसे आम लोगों के लिए शुरू किया जा सकता है। इस मशीन की खासियत यह होगी कि राशन कार्डधारक अपनी पहचान प्रमाणित कर निर्धारित मात्रा में खुद अनाज निकाल सकेंगे। इसके लिए किसी राशन दुकानदार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मशीन के माध्यम से चावल और गेहूं उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।



खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इसका उद्घाटन कर सकते हैं। 15 नवंबर को उद्घाटन होने की स्थिति में झारखंड स्थापना दिवस पर राजधानी को यह नई सुविधा मिल सकती है।
आधार सत्यापन के बाद मशीन से मिलेगा अनाज : ग्रेन एटीएम से राशन लेने के लिए लाभार्थी को सबसे पहले मशीन की टच स्क्रीन पर राशन कार्ड या आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद फिंगरप्रिंट स्कैनर पर अंगूठा लगाकर बायोमीट्रिक सत्यापन कराना होगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद स्क्रीन पर उपलब्ध विकल्पों में से चावल या गेहूं और उसकी निर्धारित मात्रा का चयन किया जा सकेगा। इसके बाद मशीन स्वचालित तरीके से चुनी गई मात्रा में अनाज सीधे लाभार्थी के बैग में डाल देगी। इस पूरी प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और अनाज की मात्रा भी मशीन से नियंत्रित होगी।
दूसरे राज्यों के राशन कार्डधारकों को भी सुविधा : इस व्यवस्था को वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना से जोड़ा जाएगा। इसके तहत झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों के पात्र राशन कार्डधारक भी रांची में अपने हिस्से का अनाज प्राप्त कर सकेंगे। बिहार, बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से रोजगार के लिए रांची आए प्रवासी कामगारों को इसका लाभ मिल सकेगा। इसके लिए राशन कार्ड का पात्रता सूची में होना और आधार आधारित बायोमीट्रिक सत्यापन जरूरी होगा। इससे दूसरे राज्यों से आकर शहर में रहने वाले लोगों को राशन लेने के लिए अपने गृह राज्य जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पांच मिनट में 50 किलो अनाज देने की क्षमता : विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के अनुसार, अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम पांच मिनट में 50 किलो तक अनाज वितरित करने में सक्षम है। इस तकनीक से राशन वितरण में लगने वाला प्रतीक्षा समय करीब 70 प्रतिशत तक कम होने का दावा किया गया है। मशीन के इस्तेमाल से लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में अनाज मिल सकेगा। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और घटतौली जैसी शिकायतों पर नियंत्रण की उम्मीद है।

