रांची । रांची पुलिस ने एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लाखों का ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। ‘नशे के सौदागरों’ के पास से साढ़े सत्रह ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन शर्मा उर्फ शेरा, शैलेश कुमार उर्फ गांधी, रजनीश कुमार सिंह और रितेश कुमार शामिल हैं।

रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि इन चार ड्रग पेडलर में शेरा और गांधी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। ये कई बार एनडीपीएस एक्ट में जेल भी जा चुके हैं। जेल से निकलने के बाद हर बार इसी नशे के काले धंधे में लिप्त हो जाते थे। वहीं शैलेश उर्फ गांधी पिछली बार जब जेल से बाहर निकला तो उसने पुलिस से कॉन्टैक किया और किसी भी प्रकार के नशे के धंधे से दूर रहने का वादा किया।

राजकुमार मेहता ने बताया कि इसके साथ ही गांधी ने पुलिस वालों का भरोसा जीतने के लिए मुखबिर बनकर कई नशे के सौदागरों की गिरफ्तारी भी करवाई थी, लेकिन इसके साथ ही वह फिर से नशे के काले कारोबार में लिप्त हो गया। हालांकि पुलिस को इस पूरे गोरखधंधे की जानकारी मिली तो शैलेश उर्फ गांधी के साथ उसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी एसपी रांची राजकुमार मेहता ने बताया कि ये नशे के सौदागर बिहार के सासाराम से ब्राउन शुगर लाते थे। सासाराम से रूबी उर्फ भाभी, पिंटू और रांची के अनिमेष का नाम सामने आया है, जो रांची में ब्राउन शुगर की सप्लाई करते है। इनकी तलाश पुलिस कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 वर्ष में रांची पुलिस ने 300 ड्रग पेडलर को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version