रांची। रांची पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र में जमीन कारोारी रमेश ठाकुर की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या में मृतक के तीन करीबी दोस्तों की संलिप्तता सामने आई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह खोरहाटोली इलाके से रमेश ठाकुर का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर संदेह मृतक के कुछ करीबी दोस्तों पर गया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें तीन आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस को मामले से जुड़े कई अहम साक्ष्य भी मिले हैं।सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद और पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उनके बयान के आधार पर मामले की अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version