
रामगढ़। पारसोतिया मोहल्ले में सोमवार की देर रात गोली चलने की वारदात हुई। इस वारदात में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान बंगाली टोला निवासी गर्जन यादव के पुत्र अंकित यादव के रूप में हुई है।
घायल युवक को आनन-फानन में रांची रोड स्थित पोली डॉक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
अंकित यादव के परिजनों ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ सोमवार की शाम घर से निकला था। इसके बाद अचानक उसके दोस्त उतेश गोस्वामी ने परिजनों को फोन कर गोली चलने की घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने अंकित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार अंकित को छाती में गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक है। गोली अभी भी उसके शरीर में फंसी हुई है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही अंकित यादव का भी बयान लिया गया है। पूरी जांच पड़ताल के बाद ही घटना का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

