पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार ने गुरुवार को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली कर दिया है। लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अब कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं। वहीं, तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में रहेंगे।

लालू यादव परिवार का 10 सर्कुलर रोड से लंबे समय तक नाता रहा है। यह बिहार की राजनीति के कई महत्वपूर्ण फैसलों का केंद्र भी माना जाता रहा है। अब परिवार के नए आवास में स्थानांतरित होने के साथ इस पते का एक लंबा राजनीतिक अध्याय समाप्त हो गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने की समय-सीमा सोमवार को समाप्त हो गई थी। सरकार ने उन्हें सात दिनों के भीतर बंगला खाली करने का नोटिस दिया था। हालांकि, 2 दिन पहले ही राबड़ी देवी के आप्त सचिव ने भवन निर्माण विभाग को पत्र लिखकर 5 जुलाई तक आवास खाली करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।

इससे पहले तेजस्वी यादव सोमवार को ही यह आवास खाली कर चुके थे और 1 पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए थे। राबड़ी देवी की ओर से जो भवन निर्माण विभाग को चिट्ठी लिखी गई है, उसमें कहा गया है कि विभाग की तरफ से चार्ज रजिस्टर उपलब्ध नहीं करवाया जा सका है। इस रजिस्टर में उन सभी सामानों की लिस्ट दर्ज है, जिन्हें इस बंगले में शिफ्ट होते वक्त राबड़ी देवी को उपलब्ध करवाया गया था। ये चार्ज रजिस्टर राबड़ी देवी को साल 2006 में उपलब्ध करवाया गया था।

राबड़ी देवी ने इस लेटर के जरिए चार्ज रजिस्टर दोबारा से उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सामानों के मिलान में किसी तरह का कन्फ्यूजन न हो। उल्लेखनीय है कि सरकार पहले ही यह बंगला मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर चुकी है, लेकिन राबड़ी देवी के कब्जे में होने के कारण नए आवंटी को अब तक इसका कब्जा नहीं मिल सका है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version