
रांची। राज्य सरकार ने जिन 22 प्रतियोगिता परीक्षाओं को रद किया है, उनमें झारखंड लोक सेवा आयोग की सहायक वन संरक्षक नियुक्ति परीक्षा भी सम्मिलित है। कुल 78 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों को लेकर भी कई सवाल उठे थे। इसकी प्रारंभिक परीक्षा में सात प्रश्न ऐसे थे, जिनके सभी विकल्प गलत थे।अभ्यर्थियों की आपत्तियों के बाद आयोग ने इन सातों प्रश्नों में सभी अभ्यर्थियों को एक-एक अंक देने का निर्णय लिया।
किसी प्रतियोगिता परीक्षा में एक अंक से भी कोई अभ्यर्थी उत्तीर्ण या अनुत्तीर्ण हो जाता है, वहीं इसकी प्रारंभिक परीक्षा में सात प्रश्नों में सभी अभ्यर्थियों को एक-एक अंक मिल गया। चाहे वह सही हल किया हो या नहीं। इन प्रश्नों को छोड़ देनेवाले अभ्यर्थियों को भी पूरे अंक मिले। इस परीक्षा में जेपीएससी ने चार-चार बार माडल उत्तर संशोधित किया। जिसमें कई के उत्तर बदले गए तो सात प्रश्नाें के सभी विकल्प गलत पाए गए।
बताते चलें कि यह वही प्रतियोगिता परीक्षा है, जिसकी मुख्य परीक्षा में एक पत्र में शाब्दिक अशुद्धियों की भरमार थी। इसमें ऐसी त्रुटियां थीं, जितनी त्रुटियां चौथी एवं पांचवीं कक्षा के बच्चों से भी उम्मीद नहीं की जा सकती। इसके बाद भी आयोग ने इस मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया था। इस बीच सीआइडी जांच शुरू होने के बाद सरकार ने इस परीक्षा को भी रद कर दिया। हाई कोर्ट ने सरकार के इस आदेश पर रोक नहीं लगाई है।
