गिरिडीह । जिले के पचम्बा थाना इलाके में गुरु- शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना प्रकाश में आई है। बताया गया कि शनिवार को उपनगरी पचम्बा में संचालित नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल को एक 14 वर्ष की छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। प्रिंसिपल स्कूल की अलग-अलग छात्राओं के साथ पिछले कई दिनों से छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम देता आ रहा था। इस मामले की सूचना मिलते ही एसपी डॉ विमल कुमार ने बगैर देर किए थाना प्रभारी राजीव कुमार को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे दबोचने के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपित प्रिंसिपल पिछले छह महीनों से छात्राओं से छेड़छाड़ कर रहा था। बीते 24 अप्रैल 2026 को भी प्रिंसिपल ने एक छात्रा से छेड़छाड़ करते हुए उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इस घटना में पीड़ित छात्रा ने घर लौटकर अपने परिजनों को कहा कि वह स्कूल नहीं जाना चाहती है। जब परिजनों ने उससे इसका कारण पूछा तो छात्रा ने अपनी मां को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ पचम्बा थाना पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी का नाम मोहम्मद इमामुद्दीन है जो नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में प्रिंसिपल के खिलाफ आक्रोश का माहौल है। मामले में वार्ड पार्षद संजीव कुमार, पार्षद कृष्णा साव सहित कई लोग पीड़ित छात्रा के परिजनों के साथ आज सुबह पचम्बा थाना पहुंचे और उन्होंने इस पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराई। प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत नाइस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा। मौके पर पार्षद संजीव कुमार सिंह और पार्षद कृष्णा साव ने कहा कि प्रिंसिपल मोहम्मद इमामुद्दीन कई दिनों से ऐसी वारदात को अंजाम दे रहे थे। उनपर आरोप है कि उन्होंने कई अन्य छात्राओं के साथ भी इस तरह का व्यवहार किया है। यह बेहद गंभीर मामला है जिसमें नाबालिग की सुरक्षा का सवाल जुड़ा हुआ है स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हर संस्थान की जिम्मेदारी है।

इस संबंध में पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा ने छेड़खानी की प्राथमिकी दर्ज करवायी है। इस मामले में निजी स्कूल के प्रिंसिपल को आरोपित बनाया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version