अयोध्या। पांच सौ वर्ष के उपरांत 22 जनवरी 2024 को श्रीरामलला अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान हो गए। जिस भक्त के हाथों श्रीरामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, वह लाल रविवार को फिर अपने आराध्य के दर पहुंचा। चुनावी कार्यक्रम में अयोध्या पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रामलला सरकार के दरबार में पूजन-अर्चन व दर्शन किया, फिर दंडवत हो गए। पीएम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां रामलला के चरणों में शीश झुकाया। इस दौरान श्रीराम मंदिर का नयनाभिरामी दृश्य बरबस ही अपनी तरफ आकर्षित कर रहा था। यह देख दूरदराज राज्यों व जनपदों से अयोध्या पहुंचे लोग भी भाव-विह्वल हो उठे।

योगी ने शीश झुकाया : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को इटावा में चुनावी रैली करने के बाद शाम को अयोध्या पहुंच गए। यहां उन्होंने पहले श्रीराम मंदिर में शीश झुकाकर दर्शन-पूजन किया, फिर व्यवस्था देखी। गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ निरंतर रामलला दरबार में जाकर शीश झुकाते हैं।

रामभक्त नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के रविवार को आगमन पर राम मंदिर को पुष्पों से सजाया गया। मंदिर के बाहरी आवरण को देख हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। कहीं श्रीराम के तीर धनुष को प्रतीक के रूप में सजाया गया तो कहीं भगवान का बालरूप का नयनाभिरामी दृश्य खींच रहा था। मुख्य द्वार ऐसा सजा था कि मानों 22 जनवरी का फिर से दीदार हो उठा।

मंदिर में प्रधानमंत्री ने आमजनों के साथ किया दर्शन : सामान्य श्रद्धालुओं की तरह ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी रविवार शाम श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में श्री राम लला का दर्शन पूजन किया। बताया जा रहा है कि केवल प्रवेश मार्ग ही उनका अलग था। प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट लोगों का प्रवेश ग्यारहवें द्वार से कराया गया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने केवल इतनी व्यवस्था की कि श्रद्धालुओं की कतारें शाम छह बजे से उनकी संख्या घटाकर सिर्फ तीन कर दी गईं। किन्तु श्रद्धालुओं का दर्शन अबाध रूप से चलता रहा।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने पहले ही निर्णय लिया था कि प्रधानमंत्री के कारण दर्शन व्यवस्था बाधित नहीं होने पाएगी। उसी के अनुसार सारी तैयारी की गई। प्रधानमंत्री के पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर में पहुंच गए थे। उन्होंने हनुमानगढ़ी जाकर बजरंग बली का भी दर्शन किया। चम्पत राय ने आगंतुकों की अगवानी की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ ही आम श्रद्धालुओं का भी दर्शन चलता रहा। प्रधानमंत्री का स्वागत करने वालों में ट्रस्टी डॉ अनिल मिश्र, भाजपा के स्थानीय प्रत्याशी लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, डॉ अमित सिंह, रूदौली विधायक रामचन्द्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष आदि सम्मिलित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version