पटना । बिहार की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर के जरिए नए सियासी संदेश देने की कोशिश की गई है। राजधानी पटना में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों में पूर्ण मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग की गई है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार’ बताते हुए उन्हें पार्टी और राज्य के भविष्य के नेतृत्व के रूप में पेश करने का प्रयास किया गया है। जदयू कार्यालय के बाहर लगाए गए इन पोस्टरों में नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की जमकर सराहना की गई है। पोस्टर में उन्हें ‘जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल’ और ‘अद्वितीय प्रशासनिक युग’ का प्रतीक बताया गया है। साथ ही बड़े अक्षरों में लिखा गया है, “नीतीश सेवक मांग रहा है, अब भारत रत्न सम्मान”, जिसे राजनीतिक जानकार जनभावना और संगठन के भीतर समर्थन का संदेश देने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं। पोस्टर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को ‘फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार’ बताया गया है। इसके साथ ही लिखा गया है, “तीर निशान… तकदीर निशांत”। इस नारे के सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में उत्तराधिकार और भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।हालांकि, जदयू की ओर से इस पोस्टर को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पोस्टर में नीतीश कुमार की बड़ी तस्वीर के साथ उनके शासनकाल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।बता दें कि यह पहला अवसर नहीं है जब नीतीश कुमार को भारत रत्न दिए जाने की मांग उठी है। इससे पहले भी जदयू नेताओं और समर्थकों की ओर से कई बार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से उन्हें सम्मानित करने की मांग की जा चुकी है। ऐसे में इन पोस्टरों को लेकर सियासी गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version