
रामगढ़। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा भी है। आए दिन कई स्थानों से महिलाओं और लड़कियों से हो रही छेड़खानी की सूचना के बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। ऐसी कोई भी सूचना पुलिस तक पहुंचती है तो उन्हें 10 मिनट के अंदर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। प्रहरी अभियान के तहत पुलिस सिर्फ जुआरियों और नशेड़ियों पर ही नजर नहीं रखेगी, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदार नजर आएगी।
शुक्रवार को जिले के सभी थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी अपने क्षेत्र में उन स्थानों पर गए जहां स्कूल और कॉलेज मौजूद हैं। इसके अलावा संवेदनशील मार्गों पर भी पैदल गश्ती की। एसपी ने बताया कि इस दौरान पुलिस कॉलेज प्रबंधन, उपस्थित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से भी मिली। सभी को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें पुलिस पदाधिकारी का नंबर भी उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा सभी छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को यह बताया गया कि जब भी समस्या हो वे तत्काल पुलिस को फोन करें। अगर संपर्क न हो सके तो डायल 112 पर जानकारी दें, पुलिस 10 मिनट के अंदर उन तक पहुंचेगी।
