
रांची। धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से कथित दुर्व्यवहार मामले में डुमरी से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा से डुमरी के विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसोसिएशन ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा कर दी है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के आंदोलन को सिपाहियों-हवलदारों के एसोसिएशन झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन व डीएसपी संवर्ग के एसोसिएशन झारखंड पुलिस सर्विस एसोसिएशन ने भी नैतिक समर्थन किया है। इसका मतलब यह है कि झारखंड पुलिस में सिपाही, हवलदार से लेकर डीएसपी संवर्ग तक करीब 80 हजार बल ने आंदोलन को समर्थन दिया है। एसोसिएशन ने मोर्चा खोलते हुए विधायक की गिरफ्तारी सहित अपनी नौ सूत्री मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर अपने आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी है और बताया है कि आंदोलन के दौरान आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा की जिम्मेदारी सरकार, प्राधिकार की होगी।



एसोसिएशन के अनुसार आंदोलन के पहले चरण में आठ सितंबर से 11 सितंबर तक कुल चार दिनों तक पूरे झारखंड के कनीय पुलिस पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। आंदोलन के दूसरे चरण में 19 सितंबर को सभी पुलिस केंद्र, थाना, ओपी में चूल्हा-चौकी, मेस बंद रहेगा और सभी एक दिवसीय सामूहिक उपवास पर जाएंगे।
आंदोलन के तीसरे चरण में 24 सितंबर को एक दिवसीय धरना का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके तहत सभी जिला शाखा, इकाई अपने-अपने एसपी, कमांडेंट के कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे। महासंघ के पदाधिकारी डीजीपी कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे और समापन के बाद ज्ञापन सौंपेंगे। आंदोलन के चौथे चरण में पांच अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक छह दिनों तक झारखंड के पुलिसकर्मी अवकाश पर चले जाएंगे।

