
चाईबासा (झारखंड): झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार को तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक महिला समेत कम से कम चार माओवादी मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ टोंटो और गोइलकेरा इलाके में हुई। मारे गये नक्सलियों में एक जोनल कमांडर, एक एरिया कमांडर और एक सबजोनल कमांडर के अलावा एक महिला नक्सली भी शामिल है।
सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार करने में भी कामयाबी हासिल की है, जिसमें एक एरिया कमांडर और एक महिला नक्सली शामिल है। एसपी आशुतोष शेखर ने मुठभेड़ की घटना की पुष्टि किया है. क्षेत्र में सुरक्षा बलों का सर्च अभियान जारी है।
बता दें कि इससे पहले बीते शनिवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए थे। इस घटना में सुरक्षाबल का एक जवान शहीद हो गया तथा दो अन्य घायल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 12 तारीख को जिले के अबुझमाड़ क्षेत्र में स्थित कुतुल, फरसबेड़ा और कोड़तामेटा गांव के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था।
