
रांची। झारखंड पुलिस मुख्यालय दुर्गा पूजा को लेकर अलर्ट है। पूजा के दौरान राज्य में किसी भी प्रकार की विधि व्यवस्था में समस्या उत्पन्न न हो, इसे लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता के निर्देश पर एडीजी अभियान संजय आनंद लाठकर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
मुख्यालय से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार एडीजी अभियान ने जारी आदेश में कहा है कि सभी जिले के एसपी अपने अधीनस्थ सभी प्रकार के कार्यालयों में पदस्थापित और प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों (इंस्पेक्टर से सिपाही तक) को दुर्गापूजा पर्व के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अपने-अपने जिला में मूर्ति विसर्जन तक सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ प्रतिनियुक्त करेंगे। साथ ही एडीजी ने कई अन्य दिशा-निर्देश भी दिये हैं। इसके अलावा जिलों में सामान्य ड्यूटी कर रहे पदाधिकारी और कर्मियों को भी दुर्गापूजा के अवसर पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही एडीजी अभियान ने कहा है कि दुर्गापूजा के अवसर पर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए अपने-अपने जिलों से (कार्यालय कार्य और सामान्य ड्यूटी में) प्रतिनियुक्त किये पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की संख्या के संदर्भ में अविलंब पुलिस मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी परिस्थिति में पदाधिकारी और बलों को रिजर्व के रूप में न रखा जाए। अगर ऐसा पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
