रांची। राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार देर रात विशेष अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क किनारे शराब पीने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब दुकानों के बाहर लोग वाहन खड़े कर खुलेआम शराब पीते हैं और हुड़दंग करते हैं। इससे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित शराब दुकानों के बाहर औचक जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

इसी अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात शहर के करीब एक दर्जन पब और बार में भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों के संचालन समय, लाइसेंस की शर्तों तथा अन्य वैधानिक नियमों के अनुपालन की जांच की गई।

पुलिस ने कहा कि जिन पब और बार में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version