
पटना। गृहमंत्री बनने के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ऐक्शन में हैं। रोमियो की हजामत के लिए अभया ब्रिगेड के गठन के बाद उन्होंने सिटीजन सर्विस पोर्टल की सुविधा दी है। शनिवार को सम्राट चौधरी ने इस पोर्टल को लांच किया। इस पोर्टल के आॅपरेशनल हो जाने के बाद थाने के बड़ा बाबू, छोटा बाबू, मुंशी जी किसी मनमानी नहीं चलेगी। केस दर्ज होने के बाद अनुसंधान और अन्य सभी अपडेट व जानकारी बिहार पुलिस की पोर्टल से आॅनलाइन ली जा सकेंगी। इस पोर्टल के लॉन्च होने से पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता बढ़ेगी जिससे पुलिस की लापरवाही पर लगाम लगेगी। आने वाले समय में इस पोर्टल से अन्य नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी ताकि नागरिक बिना थाने गए ही सभी पुलिस सेवाओं का लाभ ले सकें।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नए पोर्टल के माध्यम से अब पुलिस की सेवाओं और सुविधाओ के लिए थाने पर निर्भरता कम हो जाएगी। बिहार के लोग कई प्रकार की सेवाएं बगैर आॅफिस गए ही प्राप्त कर सकेंगे। अबतक पुलिस वेरिफिकेशन के लिए थाने पर जाना पड़ता था। ई-शिकायत दर्ज करना, दस्तावेज या सामान खोने की रिपोर्ट देना जैसी सुविधाएं भी इस पोर्टल पर उपलब्ध होगा। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कोई शिकायत पोर्टल पर दर्ज होगी, तुरंत उसे पीड़ित से जुड़े संबंधित थाना को भेज दी जाएगीष थाने स्तर पर प्रारंभिक जांच के बाद यदि मामला सही पाया गया तो एफआईआर भी आॅनलाइन दर्ज की जा सकेगी। इससे शिकायतों की सत्यता की जानकारी भी मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को पुलिस से जुड़ी हर जरूरी सुविधा और सेवा उनके घरों तक पहुंचाया जाए। लोगों को पुलिस सत्यापन, शिकायत दर्ज कराने या खोया-पाया की जानकारी देने के लिए थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने साफ कहा कि अब थानों में मनमानी नहीं चलेगी। हर प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होगी। सरकार इस पर नजर रखेगी। शिकायत करने वाले अपने आवेदन का स्टेटस वास्तविक समय में देख पाएंगे। इससे लोगों का समय, ऊर्जा और पैसे तीनों की बचत होगी।
