
पटना । बिहार की राजधानी पटना का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल, पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) अब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में इस महत्वाकांक्षी पुनर्विकास परियोजना का निरीक्षण किया और कई अहम निर्देश दिए। इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण नई इमरजेंसी यूनिट की छत पर बनने वाला हेलीपैड है, जहां अब एयर एंबुलेंस सीधे लैंड कर सकेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को PMCH के पुनर्विकास कार्य का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से नई इमरजेंसी यूनिट की सबसे ऊपरी मंजिल पर बन रहे एयर एंबुलेंस लैंडिंग एरिया (हेलीपैड) का निरीक्षण किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हेलीपैड की दीवारों को और ऊंचा करने का आदेश दिया, ताकि हवाई एंबुलेंस का संचालन पूरी तरह सुरक्षित हो सके।
सीएम ने निर्माण की गुणवत्ता, मेडिकल सुविधाओं, और सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने इंजीनियरों और अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मॉड्यूलर ओटी, आईसीयू, परामर्श कक्ष, ऑक्सीजन लाइन और प्रसूति सेवाओं जैसी इमरजेंसी सुविधाओं की भी जानकारी ली।
ये आधुनिक सुविधाएं
पहली मंजिल: सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, और ईएनटी ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट)।
दूसरी और चौथी मंजिल: दवा विभाग और त्वचा रोग (चर्म रोग) विभाग की आईपीडी (इनपेशेंट डिपार्टमेंट) सेवाएं।
तीसरी मंजिल: पीएसएम, कार्डियोलॉजी, दंत चिकित्सा, स्त्री एवं प्रसूति, शिशु रोग, जेरियाट्रिक्स, और पीएमआर विभागों की ओपीडी।
अंतिम चरण में है महत्वपूर्ण काम : पांचवीं से दसवीं मंजिल तक की उन्नत यूनिटें तैयार की जा रही हैं। इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्त्री एवं प्रसूति रोग आईपीडी, लेबर ओटी, लेबर रूम और एनआईसीयू होगा। जबकि छठी मंजिल को पूरी तरह से आईसीयू और 22 मॉड्यूलर ओटी के लिए विकसित किया जा रहा है।नौवीं मंजिल पर मरीजों के लिए डीलक्स और सुइट रूम तैयार किए जा रहे हैं। वहीं दसवीं मंजिल पर एयर एंबुलेंस के लिए हेलीपैड का निर्माण अंतिम चरण में है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अधिकारी दीपक कुमार, लोकेश कुमार सिंह, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
