
कोडरमा। कोडरमा थाना अंतर्गत रांची–पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप बुधवार रात हुई सड़क दुर्घटना में पूरी घाटी में अफरा-तफरी मच गई। एक के बाद एक हुई दुर्घटनाओं में करीब छह वाहन आपस में टकरा गए, जिससे देर रात से लेकर गुरुवार सुबह तक घाटी के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब बिहार से रेडीमेड कपड़ा लादकर रांची जा रहा एक ट्रक नौवां माइल के समीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक पर लदे कपड़ों के कार्टन सड़क पर बिखर गए। इस हादसे में चालक सुनील साव को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद कुमार, एसआई धनेश्वर कुमार तथा पुलिस बल क्रेन के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया और बिखरे कार्टनों को हटाकर मार्ग को साफ कराया गया।इसी बीच, राहत कार्य पूरा भी नहीं हो पाया था कि कोडरमा के केटीपीएस से ऐश (डस्ट) लादकर बिहार जा रही एक हाईवा ठीक उसी स्थान पर पलट गई। हाईवा से डस्ट सड़क पर फैल जाने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसके बाद हाईवा के पीछे आ रहे तीन से चार अन्य वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई तथा घाटी में लंबा जाम लग गया।थाना प्रभारी ने बताया कि रात में हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी। वहीं नौवां माइल का घुमावदार ढलान और चढ़ाई भी दुर्घटना का प्रमुख कारण बना। फिसलन के कारण वाहन चालक अपने वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख सके और लगातार हादसे होते चले गए। पुलिस ने देर रात तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य करने का प्रयास किया। अंततः गुरुवार सुबह धीरे-धीरे जाम में फंसे वाहनों को निकाला गया और यातायात बहाल कराया गया।दुर्घटना के कारण रांची–पटना मुख्य मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों यात्री पूरी रात जाम में फंसे रहे और भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कई वाहन चालकों ने घटना की जानकारी मिलने पर बरही–गया मार्ग से होकर बिहार की ओर अपना रास्ता बदल लिया।
