रांची । झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के मामले में 24 घंटे के भीतर दूसरी बार बयान दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं से जुड़ी ऐसी समस्याएं केवल झारखंड का संकट नहीं है, बल्कि अब ये राष्ट्रीय संकट का रूप लेती जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर वह इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री से भी बातचीत करेंगे। राज्य सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नजर रखे हुए है और जांच पूरी होने के बाद ठोस परिणाम सामने लाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बुधवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर राज्य की मौजूदा स्थिति और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि सरकार के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जिनकी भी सरकार से कोई मांग है, वे अपनी बात रख सकते हैं। सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। हेमंत सोरेन ने कहा कि छात्रों से जुड़े मामलों की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। सरकार जांच प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है और ठोस नतीजों तक पहुंचने के लिए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक का मामला अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रह गया है। उन्हें जानकारी मिली है कि देश के कई राज्यों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन वहां अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल से मुलाकात के दौरान उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल हाल ही में दिल्ली गए थे, जहां उनकी प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात हुई थी। उस दौरान भी राज्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। उधर, राजभवन की ओर से जारी बयान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं के विश्वास को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि भर्ती आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि उनकी विश्वसनीयता पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version