केदारनाथ धाम। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली गुरुवार को पौने चार बजे केदारनाथ धाम पहुंच गई है। इस दौरान बाबा के जयघोष से धाम गूंज उठा। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने पंचमुखी डोली के केदारनाथ धाम पहुंचने पर अगवानी की। केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार को प्रात: 7 बजे खुल रहे हैं। मंदिर को फूलों से सजाया गया है।

इसी के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए देश विदेश के श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना शुरू हो गया है। अब तक पांच हजार से अधिक भक्त धाम पहुंच गए हैं। श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। विभिन्न प्रजातियों के फूल हैलीकाप्टर से केदारनाथ धाम पहुंच गये हैं।

गुरुवार को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली प्रात: 8.30 बजे तीसरे पड़ाव गौरामाई मंदिर गौरीकुंड से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान हुई थी। बीते 06 मई को देवडोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी प्रवास के लिए पहुंची और 07 मई को दूसरे पड़ाव फाटा पहुंची थी। 08 मई देर शाम को पंचमुखी डोली गौरामाता मंदिर गौरीकुंड पहुंची थी। इसके बाद आज (गुरुवार) शाम डोली अपने धाम केदारनाथ पहुंच गई है। देवडोली का केदारनाथ पैदल मार्ग पर छोटी लिंचोली, लिंचोली और केदारनाथ बेस कैंप में जिला प्रशासन, पुलिस, गढ़वाल मंडल विकास निगम और स्थानीय दुकानदारों ने स्वागत किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version