
नई दिल्ली। छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत दिल्ली से बिहार के सात शहरों के लिए 50 से अधिक वातानुकूलित लग्जरी बसें चलाई जाएंगी। परिवहन विभाग ने इस योजना का प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए उपराज्यपाल टीएस संधू के पास भेज दिया है। सरकार का लक्ष्य इस वर्ष छठ से पहले बस सेवा शुरू करने का है।
परिवहन मंत्री डा पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली और बिहार सरकार के बीच इस सेवा को लेकर समझौता ज्ञापन पर सहमति बन चुकी है। अब उपराज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद बसों का संचालन शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। शुरुआती चरण में 50 से अधिक बसें चलाने की योजना है। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
इस बस सेवा के शुरू होने से बिहार जाने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा। घोषित योजना के अनुसार दिल्ली से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर सहित बिहार के प्रमुख शहरों को बस सेवा से जोड़ने की तैयारी है। परिवहन विभाग के अनुसार, कुल सात स्थानों तक बसें चलाने की योजना है।

