रांची। राजधानी में अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान आॅपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर 30 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही 135 से अधिक लंबित वारंटों का भी निष्पादन किया गया है।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने किया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक सघन छापेमारी कर फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया।एसएसपी े बुधवार को बताया कि आॅपरेशन प्रहार अपराध नियंत्रण, संगठित अपराध पर शिकंजा कसने और लंबित वारंटों के निष्पादन के उद्देश्य से चलाया जा रहा विशेष अभियान है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक सुनियोजित रणनीति तैयार की है, जिसके तहत समय-समय पर अभियान को दोबारा सक्रिय कर लगातार कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि आॅपरेशन प्रहार के दूसरे चरण में पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कई ऐसे अपराधियों को पकड़ा, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस को लगातार चकमा दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में कई वारंटी और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अपराधी भी शामिल हैं। अभियान में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों और संदिग्ध ठिकानों पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्रवाई की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 17 मई को भी रांची पुलिस ने आॅपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version