पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोमवार को अपना जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से परिवार और समर्थकों के बीच मनाया। इस अवसर पर उन्होंने अपने पिता, जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार के साथ केक काटा तथा उनका आशीर्वाद लिया।जन्मदिन की शुरुआत निशांत कुमार ने पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना से की। हर वर्ष की तरह इस बार भी वह नीतीश कुमार के साथ मंदिर पहुंचे, जहां दोनों ने भगवान हनुमान की पूजा की और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।पूजा के बाद निशांत कुमार ने परिवार के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया और शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा देता है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर निशांत कुमार को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुख-समृद्धि और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए जद (यू) का युवा एवं ऊर्जावान नेता बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि निशांत कुमार जनसेवा, सादगी और समर्पण के साथ नीतीश कुमार के आदर्शों एवं सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बिहार के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।जन्मदिन के अवसर पर जद (यू) के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी विभिन्न माध्यमों से निशांत कुमार को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर दिनभर बधाई संदेशों का सिलसिला जारी रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version