
नयी दिल्ली ।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी यूजी) 2025 का परिणाम जारी किया। परीक्षा का स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है और छात्र अपने एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से अपना परिणाम देख सकते हैं।
सीयूईटी यूजी 2025 की परीक्षा इस बार 13 मई से चार जून तक पूरे देश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गयी। इस परीक्षा में 13 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और परिणामों का उपयोग 243 प्रतिभागी विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिये किया जाएगा।नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मुताबिक देशभर के 300 शहरों में यह परीक्षा आयोजित की गई थी। वहीं भारत के बाहर 15 शहर जैसे की दुबई, सिंगापुर, काठमांडू, कुवैत व वॉशिंगटन आदि शहरों में भी यह परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षाओं के कुल 37 विषय थे और ये परीक्षाएं 13 भाषाएं में आयोजित करवाई गई थीं। परीक्षा में कुल 23 डोमेन विषय और एक जनरल टेस्ट भी शामिल था। कुल प्रश्नपत्रों की संख्या 1059 थी। इनमें 322 यूनिक पेपर थे। जिन 13 भारतीय भाषाओं में परीक्षा आयोजित की गई उनमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, तमिल, तेलुगु आदि हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मुताबिक परीक्षा कुल 5,47,744 पुरुष, 5,23,988 महिलाएं व थर्ड जेंडर शामिल हुए। कई छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग विषयों में 100 परसेंटाइल पाने में सफलता हासिल की है। एक छात्र ने 5 में से 4 विषयों में 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया। 17 छात्रों को 3 विषयों में 100 पर्सेंटाइल मिला है। 150 छात्रों को 2 विषयों में 100 पर्सेंटाइल व 2679 छात्रों को एक विषय में 100 पर्सेंटाइल का स्कोर मिला।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं का रिजल्ट फाइनल ‘आंसर की’ के आधार पर तैयार किया गया है। अब सभी स्कोर यूनिवर्सिटीज को भेजे जा रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों को सलाह दी है कि विद्यार्थी आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित विश्वविद्यालयों से संपर्क बनाए रखें। अब छात्र अपने चुने हुए विश्वविद्यालयों की काउंसलिंग प्रक्रिया और कट-ऑफ लिस्ट की प्रतीक्षा करें। विभिन्न विश्वविद्यालय अब जारी किए गए इन नतीजों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनाएंगे। इस मेरिट लिस्ट के आधार पर छात्रों को देश भर के विभिन्न केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों व निजी विश्वविद्यालयों में दाखिला मिल सकेगा।
