
रांची । झारखंड में उग्रवादियों की तरह अब अपराधियों की गिरफ्तारी पर भी इनाम देने की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक में राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
2 से 30 लाख रुपए तक का इनाम : सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में 34 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक समाप्त होने के बाद कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने बताया कि उग्रवादियों के अलावा अब अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी इनाम की घोषणा की गई। कैबिनेट सचिव ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी पर 2 से 30 लाख रुपए तक के इनाम दिए जाएंगे।
वंदना दादेल ने बताया कि अपराधियों पर दर्ज मामलों की संख्या के आधार पर पांच श्रेणी में इनाम की घोषणा की गई है। 20 से अधिक केस दर्ज होने वाले अपराधी पर अधिकतम 20 से 30 लाख रुपए इनाम की घोषणा की गई है। वहीं 3 केस दर्ज होने वाले अपराधी पर 2 लाख रुपए का इनाम होगा। इसी तरह से अन्य अपराधियों पर भी इनाम की घोषणा की जाएगी।
