रांची। रोटरी क्लब रांची और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के संयुक्त प्रयास से रांची इंस्टीट्यूट ऑफ़ न्यूरो-साइकियाट्री एंड एलाइड साइंसेज़ (रिनपास) में मानसिक रोगों के उपचार के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत संस्थान में करोड़ों रुपये की लागत से अत्याधुनिक डीप ट्रांसक्रैनियल मैग्नेटिक स्टिम्युलेशन (डीटीएमएस) मशीन स्थापित की गई है।

इस मशीन का उद्घाटन 17 जून को किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक सुरेश कुमार बैठा, रोटरी गवर्नर नम्रता तथा सीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

प्रोजेक्ट चेयरमैन और पूर्व रोटरी अध्यक्ष गौरव बागरॉय ने बताया कि यह एफडीए द्वारा अनुमोदित डीटीएमएस तकनीक मानसिक स्वास्थ्य उपचार में नई संभावनाएं खोलेगी। यह मशीन विश्व की अग्रणी न्यूरोमॉड्यूलेशन कंपनी ब्रेनवेसडॉटकॉम द्वारा विकसित की गई है। यह एक आधुनिक, सुरक्षित और गैर-आक्रामक उपचार पद्धति है, जिसमें शक्तिशाली चुंबकीय तरंगों के माध्यम से मस्तिष्क के उन हिस्सों को सक्रिय किया जाता है जो मानसिक और व्यवहारिक विकारों से प्रभावित होते हैं।

रोटरी क्लब रांची के अध्यक्ष अमित अग्रवाल के अनुसार, इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका उपचार पूरी तरह दर्दरहित और सुरक्षित है। एक सामान्य सत्र 20 से 30 मिनट का होता है, जिसके बाद मरीज अपनी दैनिक गतिविधियां तुरंत सामान्य रूप से कर सकता है। यह तकनीक मस्तिष्क के गहरे हिस्सों तक प्रभावी पहुंच बनाकर उपचार की सफलता की संभावना को बढ़ाती है।

रोटरी इमेज चेयरमैन प्रवीण राजगढ़िया ने इसे झारखंड और पूर्वी भारत के मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मील का पत्थर बताया। उनके अनुसार इस सुविधा के शुरू होने से गंभीर मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों को अब राज्य के भीतर ही विश्वस्तरीय इलाज मिल सकेगा, जिससे उन्हें बड़े महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि यह तकनीक अवसाद, चिंता विकार, धूम्रपान एवं निकोटीन की लत तथा नशा मुक्ति उपचार में भी प्रभावी हो सकती है। यह उन मरीजों के लिए विशेष रूप से आशा की किरण है, जिन्हें पारंपरिक दवाओं से पर्याप्त लाभ नहीं मिल पाया है। प्रेस वार्ता में ललित त्रिपाठी और जसदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version