
बांकुड़ा/पूर्व मेदिनीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राज्य के बांकुड़ा और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए जनता से सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया। योगी ने कहा कि राज्य की जनता तुष्टीकरण की राजनीति को नकार चुकी है और अब विश्वास, सुरक्षा तथा समग्र विकास के लिए भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रवाद की भूमि पश्चिम बंगाल में अब खेला की राजनीति समाप्त होगी और विकास की नई शुरूआत होगी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला है। योगी ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान केवल भाजपा की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है।उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए योगी ने कहा कि वहां न कर्फ्यू, न दंगा की स्थिति है और माफिया व अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जहां भी होती है, वहां कानून-व्यवस्था मजबूत होती है और विकास के नए अवसर पैदा होते हैं।
