कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कल्याणी में आयोजित प्रशासनिक समन्वय बैठक के बाद कई बड़ी घोषणाएं कीं। बैठक में नदिया, उत्तर 24 परगना और हुगली जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्खी भंडार योजना को जल्द अन्नपूर्णा भंडार योजना में परिवर्तित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि बुधवार को नवान्न से अन्नपूर्णा योजना का फॉर्म जारी किया जाएगा। यह फॉर्म ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में उपलब्ध रहेगा। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को फॉर्म भरना अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार, जितनी जल्दी नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, उतनी जल्दी लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना पूरी तरह शुरू होने तक लाभार्थियों को लक्खी भंडार योजना का लाभ मिलता रहेगा। बुधवार से ही अन्नपूर्णा भंडार की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस योजना का लाभ केवल भारतीय नागरिकों को ही मिलेगा।

मां कैंटीन को लेकर भी राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब सप्ताह में दो दिन मां कैंटीन में पांच रुपये में मछली-भात उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल राज्य में लगभग 400 मां कैंटीन संचालित हो रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष विभाग को स्वास्थ्य विभाग से अलग किया जाएगा और अब यह विभाग स्वतंत्र रूप से कार्य करेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य साथी योजना को आयुष्मान भारत योजना में परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रक्रिया पूरी होने तक लोगों को स्वास्थ्य साथी योजना का लाभ मिलता रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version