
पटना। बिहार के चार विश्वविद्यालयों को गुरुवार को नए कुलपति मिल गए। राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खां ने सर्च कमेटी की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विमर्श के बाद चारों विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी करने का निर्देश दिया। यह उनके हाथों की गईं पहली नियुक्तियां हैं।
इन विश्वविद्यालयों में छह माह से प्रभारी कुलपति थे। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति हरियाणा के डॉ. इंद्रजीत सिंह, नालंदा खुला विश्वविद्यालय, नालंदा के कुलपति पटना विश्वविद्यालय के मानविकी संकाय के डीन प्रो. रविंद्र कुमार, पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के एनआईटी पटना के डीएसडब्ल्यू प्रो. विवेकानंद सिंह तथा मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर के नालंदा खुला विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. संजय कुमार को नियुक्त किया गया है।
इस संबंध में राज्यपाल सचिवालय ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी है। राज्य के चारों विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी की अनुशंसा की प्रक्रिया नवंबर के दूसरे पखवारे में पूरी कर ली गई थी।
