
पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पूरा फोकस महिला मतदाताओं पर है। महिलाओं के लिए बस में सीटें आरक्षित करने के बाद नीतीश कुमार ने अब राज्य की आशा और ममता कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा दिया है। बिहार सरकार ने आशा और ममता कार्यकतार्ओं का मानदेय राशि बढ़ा दी है। नीतीश कुमार ने बुधवार की सुबह इस बात की खुद घोषणा की। सीएम ने कहा कि आशा कार्यकतार्ओं को अब 3 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकतार्ओं को प्रति प्रसव 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकतार्ओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकतार्ओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।’
ममता कार्यकतार्ओं को प्रति प्रसव मिलेंगे 600 रुपये : उन्होंने कहा कि ‘राज्य का आशा कार्यकतार्ओं को अब 1 हजार रुपये की जगह 3 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकतार्ओं को प्रति प्रसव 300 रुपये की जगह 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
बता दें, मंगलवार को ही नीतीश सरकार ने राज्य की बसों में आगे की चार लाइनों की सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का फैसला किया था। ताकि महिलाओं को बस में खड़े होकर सफर न करना पड़े।
