
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार को NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार राजस्थान के हनुमानगढ़ के महेश केसवानी ने ऑल इंडिया टॉप किया है। वहीं मध्यप्रदेश के इंदौर के उत्कर्ष अवधिया को दूसरा और एमपी के ही कृषांग जोशी को तीसरा स्थान मिला है। NEET UG 2025 के टॉप-10 में राजस्थान के कुल चार छात्र शामिल हैं, जिनमें से तीन कोटा के हैं। छात्र अपना रिजल्ट NTA की आधिकारिक वेबसाइट exam.nta.ac.in/NEET, neet.ntaonline.in या exam.nta.ac.in पर लॉगइन कर देख सकते हैं।
75 उम्मीदवारों का रिजल्ट रोका गया : इस बार इंदौर के परीक्षा केंद्रों पर NEET UG देने वाले 75 परीक्षार्थियों का रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इन छात्रों ने शिकायत की थी कि 4 मई को परीक्षा के दौरान आंधी-तूफान के कारण बिजली गुल हो गई थी जिससे उनका पेपर प्रभावित हुआ। इस मामले पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में 9 जून को सुनवाई हुई थी।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि NTA इन 75 अभ्यर्थियों को छोड़कर बाकी सभी का रिजल्ट जारी कर सकता है। इन छात्रों का परिणाम अलग से घोषित किया जाएगा, जिसके बाद NEET UG 2025 की अंतिम मेरिट सूची जारी होगी।
नीट यूजी 2025 टॉप 10 लिस्ट
रैंक 1- महेश कुमार (राजस्थान), 99.9999547 पर्सेंटाइल
रैंक 2- उत्कर्ष अवधिया (मध्य प्रदेश), 99.9999095 पर्सेंटाइल
रैंक 3 – कृषंग जोशी (महाराष्ट्र), 99.9998189 पर्सेंटाइल
रैंक 4- मृणाल किशोर झा (दिल्ली), 99.9998189 पर्सेंटाइल
रैंक 5- अविका अग्रवाल (दिल्ली), 99.9996832 पर्सेंटाइल
रैंक 6- जेनिल विनोदभाई भयानी (गुजरात), 99.9996832 पर्सेंटाइल
रैंक 7- केशव मित्तल (पंजाब), 99.9996832 पर्सेंटाइल
रैंक 8 – झा भव्य चिराग (गुजरात), 99.9996379 पर्सेंटाइल
रैंक 9- हर्ष केदावत (दिल्ली), 99.9995474 पर्सेंटाइल
रैंक 10- आरव अग्रवाल (महाराष्ट्र), 99.9995474 पर्सेंटाइल
इधर, NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी होने के साथ ही काउंसलिंग प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने की संभावना है। इस साल करीब 22.7 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। राजस्थान के महेश कुमार ने इस बार देशभर में टॉप करते हुए 99.99 पर्सेंटाइल हासिल किया है।
फर्जीवाड़े का CBI ने किया भंडाफोड़ : इसी बीच परीक्षा परिणामों से जुड़ा एक बड़ा फर्जीवाड़ा भी उजागर हुआ है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने परीक्षा में नंबर बढ़ाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से लाखों रुपये वसूलने की कोशिश की थी। CBI ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपी खुद को NTA अधिकारियों से जुड़ा हुआ बताते थे और NEET UG 2025 में बेहतर नंबर दिलाने का झांसा दे रहे थे। इसके लिए वे प्रति उम्मीदवार 90 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, जिसे बाद में 87.5 लाख रुपये तक कर दिया गया। CBI की शुरुआती जांच में इस गिरोह द्वारा कई अभिभावकों से संपर्क करने और पैसे लेने के प्रयासों की पुष्टि हुई है।
CBI के मुताबिक, मुख्य आरोपी महाराष्ट्र के सोलापुर का रहने वाला है, जबकि उसका साथी नवी मुंबई में एक प्रवेश परामर्श फर्म संचालित करता है। इनका एक अन्य संपर्क पुणे में भी सक्रिय था, जो इसी तरह की कंसल्टेंसी का संचालन करता है। आरोपियों की मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच में कई उम्मीदवारों के रोल नंबर, एडमिट कार्ड, OMR शीट और हवाला के जरिए लेनदेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
CBI ने मुख्य आरोपी को 9 जून को मुंबई से तथा दूसरे आरोपी को 10 जून को सांगली से गिरफ्तार किया। दोनों को मुंबई स्थित विशेष CBI अदालत में पेश किया गया, जहाँ उन्हें 13 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा गया था। अब अदालत ने उनकी हिरासत 16 जून तक बढ़ा दी है। हालांकि, अब तक की जांच में किसी NTA अधिकारी या सरकारी कर्मचारी की संलिप्तता का कोई प्रमाण नहीं मिला है। आरोपियों ने NTA के नाम का दुरुपयोग कर अभिभावकों को गुमराह किया।
CBI ने कहा है कि यह मामला शिक्षा क्षेत्र में हो रहे फर्जीवाड़ों की गंभीरता को दिखाता है। एजेंसी अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जाँच कर रही है। साथ ही, अभिभावकों और छात्रों को ऐसे किसी भी प्रलोभन से बचने की चेतावनी दी है।
