
पटना। विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में आगामी पांच वर्षों में बिहार के समग्र विकास खाका पेश किया है। साथ ही हर वर्ग को साधने का प्रयास है। गरीबों के लिए पंचामृत गारंटी की घोषणा की है। इसमें मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, पांच लाख तक मुफ्त इलाज, 50 लाख नए पक्के मकान एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने का संकल्प प्रमुख रूप से शामिल है। राजग ने अपने संकल्प पत्र में महागठबंधन के तेजस्वी प्रण को काटने एवं हर वर्ग को रिझाने का हर संभव प्रयास किया है। किसान, युवा, महिला, रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा के साथ ही एक मुश्त 36 प्रतिशत वोट बैंक अतिपिछड़ा समाज के अतिरिक्त अनुसूचित समाज को आर्थिक व सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता प्रकट की है।
वहीं, सीधे तौर पर डबल इंजन की सरकार बनने पर 80 लाख किसानों को अब प्रतिवर्ष छह हजार से बढ़ाकर नौ हजार रुपये देने की घोषणा संकल्प पत्र में गई है। वर्तमान में केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से छह हजार रुपये दे रही है। अब कपूर्री ठाकुर किसान सम्मान निधि की शुरूआत बिहार में राजग करेगा। इसके तहत तीन हजार रुपये किसानों को देने का प्रविधान किया जाएगा।
राजग ने 25 मुख्य बिंदुओं को संयुक्त संकल्प पत्र में समाहित किया है। हर क्षेत्र एवं हर वर्ग के विकास का लक्ष्य रखा गया है। सरकार बनने पर एक करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी व रोजगार दिए जाएंगे। रोजगार के लिए महिलाओं को दो लाख रुपये तक सहायता दी जाएगी। हर जिले में फैक्ट्री एवं राज्य में 10 नये औद्योगिक पार्क बनेंगे। 100 एमएसएमई पार्क एवं 50 हजार से अधिक कुटीर उद्यम लगाए जाएंगे।
हर जिले में मेडिकल कॉलेज : हर जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा करने, चार शहरों में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, चार शहरों में मेट्रो सहित मां जानकी की जन्मस्थली का विश्वस्तरीय विकास करने सहित अन्य लक्ष्य रखे गए हैं। इसमें राज्य सरकार की पहले से चल रही अनेक योजनाओं में केंद्र सरकार की आर्थिक मदद देकर उन्हें बेहतर बनाने की घोषणा सम्मिलित है।
आधुनिक शहरी विकास : संकल्प पत्र में आधुनिक शहरी विकास कराने का वादा किया गया है. न्यू पटना में ग्रीनफील्ड शहर, प्रमुख शहरों में सैटेलाइट टाउनशिप, मां जानकी की पवित्र जन्मस्थली को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी सीतापुरमह्ण के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।
चार शहरों में मेट्रो सेवा: पटना के समीप ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जाएगा। साथ ही दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेंगे. इसके अलावा 10 नए शहरों से घरेलू उड़ानें और 4 नए शहरों में मेट्रो रेल शुरू की जाएगी।
औद्योगिक क्रांति की गारंटी : संकल्प पत्र के जरिए एनडीए ने विकसित बिहार की कल्पना की है और इसके जरिए विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के अंतर्गत 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक क्रांति लाई जाएगी. साथ ही विकसित बिहार इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट मास्टर प्लान बनाई जाएगी, जिससे औद्योगिकीकरण और लाखों नौकरियां मिलेंगी।
हर जिले में फैक्ट्री, हर घर में रोजगार : हर जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क तैयार किए जाएंगे।अगले 5 सालों में बिहार में ह्यन्यू-ऐज इकोनॉमी का निर्माण किया जाएगा, जिसके तहत बिहार को एक वैश्विक बैक-एंड हब और ग्लोबल वर्कप्लेस बनाया जाएगा। इसके लिए 50 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा।
गरीबों के लिए पंचामृत गारंटी : एनडीए ने बिहार के लोगों के लिए मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, 5 लाख तक मुफ्त इलाज, 50 लाख नए पक्के मकान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का वादा किया है. साथ ही राज्य में बच्चों के लिए केजी से पीजी तक फ्री में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का वादा किया गया है. इसके अलावा सभी गरीब परिवारों को फ्री में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। इन्हें मिड-डे मील के साथ पौष्टिक नाश्ता और स्कूलों में आधुनिक स्किल लैब स्थापित किया जाएगा।
मेड इन बिहार फॉर द वर्ल्ड से कृषि निर्यात : बिहार में 5 मेगा फूड पार्क स्थापित होगा। बिहार में कृषि निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। 2030 तक दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने, बिहार को मखाना, मछली एवं अन्य उत्पादों के ग्लोबल एक्सपोर्ट सेंटर के रूप में विकसित करने का वादा किया गया है। इसके अलावा मिथिला मेगा टेक्सटाइल एंड डिजाइन पार्क और अंग मेगा सिल्क पार्क से बिहार को दक्षिण एशिया का टेक्सटाइल और सिल्क हब बनाने की बात कही गई है।
कुटीर और एमएसएमई का नेटवर्क : बिहार में 100 एमएसएमई पार्क और 50,000 से अधिक कुटीर उद्यमों से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने का वादा किया गया है( साथ ही बिहार में वर्ल्ड क्लास एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने का वादा किया गया है. एजुकेशन सिटी बनाने के अलावा 5,000 करोड़ रुपये से प्रमुख जिला स्कूलों का कायाकल्प करने, बिहार को देश का एआई हब के रूप में स्थापित करने के लिए सेंटर्स आॅफ एक्सीलेंस बनाने और हर नागरिक को एआई का प्रशिक्षण देने की बात कही गई है।
स्पोर्ट्स सिटी बनेगा : बिहार में खेल-कूद को बढ़ावा दिया जाएगा। बिहार स्पोर्ट्स सिटी का निर्माण किया जाएगा। हर प्रमंडल में चिह्नित प्राथमिकता वाले खेलों के लिए समर्पित सेंटर आॅफ्र एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।
बनेगी फिल्म सिटी : बिहार को कला, संस्कृति और सिनेमा का नया केंद्र बनाने की योजना बनाई गई है. फिल्म सिटी और शारदा सिन्हा कला एवं सांस्कृतिक विश्वविद्यालय की स्थापना करके बिहार स्कूल आॅफ ड्रामा व फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान शुरू करने का वादा किया है।
5 सालों में बाढ़ मुक्त बिहार : बाढ़ से बिहार हमेशा प्रभावित रहता है। इसके लिए एनडीए का कहना है कि अगले 5 सालों में बिहार को बाढ़ मुक्त राज्य बनाएंगे. इसके लिए फ्लड मैनेजमेंट बोर्ड की स्थापना की जाएगी. साथ में ह्यफ्लड टू फॉर्च्यून मॉडल के अंतर्गत नदी जोड़ परियोजना, तटबंध, नहरों का शीघ्र निर्माण करके कृषि और मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जाएगा।
महिलाओं पर पूरा ध्यान
एनडीए के मैनिफेस्टो में पूरा ध्यान महिलाओं पर है। इसमें मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत दो लाख तक की मदद, एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का वादा किया गया है। साथ ही महिलाओं के लिए मिशन करोड़पति की बात कही है। इसके तहत महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की बात कही गई है। इसके तहत महिलाएं पांच साल तक हर महीने 2500 रुपए हर महीने प्राप्त करेंगी।
