
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मतदान के बीच एनडीए की जीत पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि लोगों का जबरदस्त उत्साह दिखाता है कि भाजपा को अभूतपूर्व बहुमत मिलेगा। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बिहार विधानसभा चुनावों में पहले चरण की वोटिंग में एनडीए ने भारी बढ़त हासिल कर ली है।
इसके साथ ही दूसरे चरण में भी हर तरफ उसकी लहर नजर आ रही है। जनता-जनार्दन के इसी जोश के बीच कल दोपहर करीब 1:45 बजे औरंगाबाद और लगभग 3:30 बजे भभुआ में अपने परिवारजनों से संवाद का सौभाग्य प्राप्त होगा।” बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 121 सीटों पर गुरुवार को वोटिंग खत्म हो गई। 3.75 करोड़ योग्य वोटरों में से 64.66 प्रतिशत ने वोट डाला और 1,314 उम्मीदवारों (1,192 पुरुष, 122 महिला) की किस्मत का फैसला किया। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली, हालांकि सुरक्षा कारणों से कुछ संवेदनशील इलाकों में यह शाम 5 बजे खत्म हो गई।
18 जिलों की 121 सीटों पर सीटों पर वोटिंग
पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, पटना, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, भोजपुर और बक्सर जिलों में वोटिंग हुई।
16 मंत्रियों की किस्मत EVM में कैद
पहले चरण में नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत EVM में कैद हो गई है ।इसमें बीजेपी कोटे से तारापुर से सम्राट चौधरी, लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा, सीवान से मंगल पांडे, बांकीपुर से नितिन नवीन, जाले से जीवेश मिश्रा, दरभंगा शहरी से संजय सरावगी, कुढ़नी से केदार प्रसाद गुप्ता, साहेबगंज से राजू कुमार, अमनौर से कृष्ण कुमार मंटू, बिहारशरीफ से सुनील कुमार और बछवाड़ा से सुरेंद्र मेहता मैदान में थे।
