
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर सांसद सुप्रिया सुले ने विराम लगा दिया है। शनिवार को उन्होंने स्पष्ट किया कि अजित पवार के रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी और इसके लिए तारीख भी तय हो गई थी, लेकिन उनके निधन के बाद यह मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो चुका है।



NCP-शरदचंद्र पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अजित पवार के साथ पार्टी के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा, “जब तक अजित पवार थे, तब तक बातचीत जारी थी और तारीख भी तय थी। लेकिन उनके जाने के बाद हमारी तरफ से इस विषय पर पूर्णविराम लग गया है।”
सुप्रिया सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि अजित पवार गुट की ओर से पार्टी विलय को लेकर उन्हें कोई फोन, संदेश या ईमेल नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल पटेल के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं और मुलाकात होती रहती है, लेकिन इसे राजनीतिक बातचीत या विलय से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी राय रखने का अधिकार है। राजनीति में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगती रहती हैं, लेकिन अब पार्टी विलय को लेकर उनकी ओर से कोई बातचीत नहीं होगी।
NDA में शामिल होने की चर्चा भी खारिज
सुप्रिया सुले ने एनडीए में शामिल होने की संभावनाओं को भी सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि इस संबंध में कोई बातचीत नहीं चल रही है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्रियों अरुण जेटली और सुषमा स्वराज की तारीफ का जिक्र करते हुए कहा कि किसी नेता की प्रशंसा करने का मतलब राजनीतिक गठबंधन करना नहीं होता।
उन्होंने पहलगाम हमले के समय शरद पवार की ओर से केंद्र सरकार को दिए गए समर्थन का भी उल्लेख किया। सुप्रिया सुले ने कहा कि वर्ष 2023 में NCP में जो राजनीतिक घटनाक्रम हुआ, वह अलग बात है, लेकिन दोनों गुटों के नेताओं के बीच पारिवारिक संबंध पहले भी थे और आज भी बने हुए हैं।
सुप्रिया सुले के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के विलय और एनडीए में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

