
वॉशिंगटन । अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी ऊषा वेंस ने भारत दौरे का अनुभव साझा किया है। वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ वेंस फैमिली की मुलाकात को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि जब हम मोदी से मिलने उनके घर पहुंचे तो हमारे बच्चों ने पीएम मोदी को अपना दादा जी समझ लिया था। उनसे मुलाकात के दौरान बच्चों ने पीएम मोदी को गले लगाते हुए ढेर सारा प्यार दिया। वॉशिंगटन डीसी में सोमवार को अमेरिका-भारत सामरिक साझेदारी मंच से ऊषा वेंस ने भारत दौरे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यह ट्रिप हमेशा के लिए यादगार बन गई। उनके बच्चों को भी भारत काफी पसंद आया। साथ ही ऊषा वेंस ने ताज महल और भारतीय पकवानों की भी जमकर तारीफ की।
यह हमारी जिंदगी की सबसे यादगार ट्रिप थी। मेरे बच्चे इससे पहले भारत कभी नहीं गए थे। कोरोना महामारी के दौरान जेडी वेंस ने राजनीति में एंट्री की और हमें कभी भारत जाने का मौका ही नहीं मिला। मेरे बच्चे भारत की कहानियां सुनकर बड़े हुए हैं। भारत के स्वादिष्ट व्यंजन, दादा-दादी और दोस्तों के साथ खास रिश्तों के बारे में उन्होंने सिर्फ सुना था, लेकिन इसे अनुभव कभी नहीं किया। भारत दौरे के दौरान हमें उत्तर भारत की कई खूबसूरत जगहों को भी देखने का मौका मिला।
ऊषा वेंस ने बताया कि हम एक और बार भारत घूमने के बारे में सोच रहे हैं, जिससे हम देश के अलग-अलग कोनों को एक्सप्लोर कर सकें। खासकर भारत में जहां से मेरा परिवार ताल्लुक रखता है, हम उस जगह भी जाना चाहेंगे।
