रांची। राज्य में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग फरवरी-मार्च में चुनाव कराने की दिशा में काम कर रहा है। सभी कुछ ठीक रहा तो इसी माह 48 नगर निकायों के लिए चुनाव की घोषणा हो सकती है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जिलों में अब तक की चुनाव तैयारियों की जानकारी ली। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों एवं वरीय पुलिस अधीक्षकों को चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान को लेकर सभी आवश्यक कार्रवाई की जाए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बैठक में चुनाव के लिए कर्मियों का डेटाबेस तैयार कर उन्हें प्रशिक्षण देने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

उन्होंने कहा कि जिस जिला में अभी तक चुनाव कोषांग का गठन नहीं हुआ है, वहां इसका शीघ्र गठन कर लिया जाए। बैठक में गृह विभाग के पदाधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर विधि व्यवस्था के लिए सुरक्षा बलों की आवश्यकता और उपलब्धता का आकलन करने के लिए आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

बैठक में संवदेनशील तथा अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करने तथा वहां अधिक संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए। बैठक में बज्र गृह की व्यवस्था, नामांकन प्रक्रिया के लिए आवश्यक प्रक्रिया, मतदान तथा मतगणना सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

बताते चलें कि आयोग फरवरी-मार्च में नगर निकाय चुनाव संपन्न करा सकता है। बैठक में एडीजी अभियान टी कंडास्वामी, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद आदि भी उपस्थित थे। गुरुवार को ही सभी जिलों को चुनाव से संबंधित सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version