लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। प्रतीक यादव ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में आखिरी सांस ली। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को इलाज के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। फिलहाल, प्रतीक यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रतीक के पार्थिव शरीर को एक एंबुलेंस में ले जाते हुए देखा गया। हालांकि, उनकी मृत्यु का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। परिवार की ओर से भी कोई औपचारिक पुष्टि सामने नहीं की गई है।

मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम चार डॉक्टरों का पैनल करेगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव को हॉस्पिटल जिस समय लाया गया, उस वक्त उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी। दिल भी काम करना बंद कर चुका था। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही उनकी मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दुख जताया है। उन्होंंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version