हमीरपुर ।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को कांगू में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने तथा जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक माहौल बनाने में लगी हुई है, जबकि देश की जनता उसके दोहरे मापदंडों को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने विपक्ष से संसद को सुचारू रूप से चलने देने और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करने की अपील करते हुए कहा कि संसद देश के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और समाधान का सर्वोच्च मंच है, इसे राजनीतिक हंगामे का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।

अनुराग ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा संसद को नहीं चलने देना और जनता के बीच भ्रम फैलाना रह गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने पहले नीट परीक्षा के मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग की थी, जिसे सरकार ने स्वीकार किया। इसके बाद संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई और वह भी पूरी कर दी गई। इसके बावजूद विपक्ष लगातार नए-नए मुद्दे उठाकर संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है। उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई-20) के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि आज विपक्ष जिस नीति का विरोध कर रहा है, उसी एथेनॉल के उपयोग की वकालत कांग्रेस ने अपने शासनकाल में की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस सरकार के समय एथेनॉल को बढ़ावा दिया गया था तो अब उसका विरोध क्यों किया जा रहा है।

सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष विदेशी ताकतों के हाथों में खेल रहे हैं और देशहित के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को हवा दे रहे हैं। सांसद ने कांग्रेस को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि एथेनॉल उत्पादन से गन्ना और अन्य कृषि उत्पादों से जुड़े किसानों को अतिरिक्त बाजार मिलता है, जिससे उनकी आय बढ़ने की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों को मिलने वाले इस संभावित लाभ का भी विरोध कर रही है, जो उसकी कथनी और करनी के अंतर को दर्शाता है। नीट परीक्षा का उल्लेख करते हुए अनुराग ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस परीक्षा से देशभर के विद्यार्थियों को समान अवसर मिले हैं।

इससे अलग-अलग राज्यों की प्रवेश परीक्षाओं से जुड़ी परेशानियां कम हुई हैं और एक पारदर्शी एवं समान व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। राहुल गांधी के प्रयागराज में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम पर भी उन्होंने निशाना साधा। ठाकुर ने दावा किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ, क्योंकि वहां अपेक्षित संख्या में युवा और छात्र नहीं पहुंचे तथा कांग्रेस कार्यकर्ता ही अधिक दिखाई दिए। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को उठाने का दावा करती है, लेकिन प्रयागराज का कार्यक्रम उसकी वास्तविक स्थिति को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में युवाओं के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को मंच तो नहीं मिला, लेकिन प्रधानमंत्री आवास की जमीन पर लेटने का अवसर अवश्य मिल गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version