सासाराम । रोहतास जिले को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान दिलाने के लिए पुरातत्व विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत अन्य पर्यटन स्थलों के अलावा रोहतासगढ़ किला को संवारने और सजाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हाल के दिनों में रोहतास गढ़ किला पर जाने वाले रोपवे के ट्रायल में ही ध्वस्त होने के बाद मायूस हो चुके जिले के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है। पुरातत्व विभाग ने रोहतास गढ़ किला के सुंदरीकरण को लेकर जो खाका तैयार किया है, उस पर डेढ़ करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।

विभाग के केंद्रीय कार्यालय द्वारा इस योजना पर मोहर लगा दी गई है, जिसकी निविदा जल्द ही निकलने वाली है। पुरातत्व अधीक्षक हरिओम के अनुसार योजना के तहत किले की सुरक्षा दीवारों की मरम्मत एवं सैलानियों की सुविधा को लेकर कई कार्य किए जाने हैं। इसे लेकर जल्द ही निविदा की प्रक्रिया शुरू होगी।

किला परिसर में सुंदर पार्क और उसकी सिंचाई के लिए अलग बोरिंग व देखरेख के लिए माली की व्यवस्था भी की जानी है। इसके अलावा इससे यहां आने वाले लोगों को आसानी से पेयजल भी उपलब्ध कराया जा सकेगा। सैलानियों के ठहरने की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें यहां रहने में कोई परेशानी ना हो।

इससे न सिर्फ पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि यहां आने वाले लोग इस ऐतिहासिक कीले की सुंदरता और भव्यता के प्रति आकर्षित भी होंगे। विभाग के अनुसार किले के अंदर व बाहर सभी संबंधित क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत होगी।

यहां जाने वाले सैलानियों की सुविधा को देखते हुए किले के अंदर व बाहर के रास्तों एवं सीढ़ियों की भी मरम्मत की जाएगी। किले के आसपास व अंदर गंदगी फैलाने वाले लोगों पर भी लगाम लगाया जाएगा। इसके लिए निजी कंपनी से जुड़े सुरक्षा गार्ड्स को तैनात किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version