नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 16वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक सरकारी कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरण का वर्चुअल शुभारंभ किया। नवनियुक्त कार्मकों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए प्रधानमंत्री ने युवाओं के सामर्थ्य को देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी और गारंटी भी बताया।

साथ ही कहा कि आज दुनिया मान रही है कि भारत के पास डेमोग्राफी (जनसंख्या) और डेमोक्रेसी (लोकतंत्र), दो असीमित शक्तियां हैं। देशभर में 47 स्थानों पर शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री रोजगार मेले को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार में युवाओं को पक्की नौकरी देने का हमारा अभियान निरंतर जारी है। हमारी पहचान भी है- बिना पर्ची, बिना खर्ची।

उन्होंने कहा कि आज 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक लाखों नौजवानों को भारत सरकार में स्थायी नौकरी मिल चुकी है। अब ये नौजवान राष्ट्र निर्माण में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि आपके विभाग अलग-अलग हैं, लेकिन ध्येय एक है। विभाग कोई भी हो, कार्य कोई भी हो, पद कोई भी हो, इलाका कोई भी हो, ध्येय राष्ट्र सेवा ही है, सूत्र भी एक है- नागरिक प्रथम।

युवाओं के सामर्थ्य को भारत की सबसे बड़ी पूंजी और गारंटी बताते हुए दावा किया कि हमारी सरकार इसी पूंजी को समृद्धि का सूत्र बनाने में दिन-रात जुटी है। अपनी हाल की विदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- एक दिन पहले ही मैं पांच देशों की यात्रा करके लौटा हूं। हर देश में भारत की युवाशक्ति की गूंज सुनाई दी। इस दौरान जितने भी समझौते हुए हैं, उनसे देश और विदेश, दोनों जगह भारत के नौजवानों को फायदा होना ही है। डिफेंस, फार्मा, डिजिटल टेक्नोलाजी, एनर्जी, रेयर अर्थ मिनरल्स जैसे सेक्टरों में हुए समझौतों से भारत को आने वाले दिनों में बहुत बड़ा फायदा होगा। भारत के मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर को बहुत बल मिलेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version