रांची । झारखंड में मानसून का इंतजार अब खत्म होने वाला है। संताल परगना के रास्ते 16 से 18 जून के बीच मानसून राज्य में प्रवेश कर जाएगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, इस बार मानसून की स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद है और पूरे राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है।

16 जून तक ओडिशा पहुंच सकता है मानसून : मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून 16 जून तक ओडिशा पहुंच सकता है। इसके बाद 18 जून तक यह झारखंड में प्रवेश कर जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार मानसून की स्थिति काफी अच्छी रहेगी। पूरे झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

अभिषेक आनंद ने यह भी जानकारी दी कि 14 जून से झारखंड के कई इलाकों में गरज के साथ बारिश शुरू हो जाएगी। 16 से 18 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. साथ ही, तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने 14 जून से पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

पिछले साल 21 जून को मानसून आया था : पिछले साल झारखंड में मानसून 21 जून को आया था। इस बार मानसून थोड़ा पहले आ रहा है। इससे किसानों को काफी फायदा होगा. वे धान की खेती की तैयारी में जुट गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version