पटना। बिहार एग्जिट पोल के नतीजे जारी हुए। अधिकतर एजेंसियों ने बिहार में बीजेपी, जेडीयू, लोजपा रामविलास के एनडीए की भारी जीत का अनुमान लगाया है, वहीं आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन के दहाई का आंकड़ा छूना भी मुश्किल नजर आ रहा है। स्कूल आॅफ पॉलिटिक्स एजेंसी के सर्वे में बिहार में एनडीए की बंपर जीत का दावा किया गया है। इस सर्वे में बीजेपी, जेडीयू और सहयोगी पार्टियों को 38 सीटें, जबकि आरजेडी, कांग्रेस के महागठबंधन को महज दो सीटों पर जीत का अनुमान लगाया गया है। आजतक एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में बिहार में एनडीए को 29-33 सीटें जबकि महागठबंधन को 7-11 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है। रिपब्लिक मैट्रिज और दो एग्जिट पोल में बिहार में एनडीए को 32-37 सीटें और महागठबंधन को 3-7 सीटें मिलने का दावा किया गया है।

शनिवार को बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर अंतिम चरण में वोट डाले गए। शाम 6.30 बजे बाद बिहार एग्जिट पोल के नतीजे जारी होने लगे। इस लोकसभा चुनाव में बिहार में एनडीए के तहत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू), चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी आर), उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) एवं जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा का लालू एवं तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), राहुल गांधी की कांग्रेस एवं वामदल- सीपीआई, सीपीएम, सीपीआई माले से मुकाबला है। एग्जिट पोल से ठीक पहले तेजस्वी ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव जीतने वाला है।

बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर सभी सात चरणों में चुनाव हुए। अंतिम चरण में पाटलिपुत्र, पटना साहिब, काराकाट, बक्सर, आरा, जहानाबाद, नालंदा और सासाराम में वोटिंग हुई। काराकाट, बक्सर, जहानाबाद, पूर्णिया, सीवान जैसी कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां एनडीए और महागठबंधन के बागी उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 2019 के चुनाव में बीजेपी-जेडीयू समेत एनडीए ने 40 में से 39 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि आरजेडी-कांग्रेस के महागठबंधन को एक ही सीट पर जीत मिल पाई थी। 2024 का चुनाव रिजल्ट क्या होगा, इसकी एक झलक आज जारी होने वाले बिहार के एग्जिट पोल के नतीजों से मिल सकती है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version