
रांची। जेपीएससी-जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों से झारखंड के प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. अभिषेक सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों का हाल जाना और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
डॉ. अभिषेक सिंह करीब 400 पैकेट नाश्ता और आवश्यक दवाएं लेकर धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने छात्रों के बीच नाश्ता वितरित किया और उनके संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं छात्र रह चुके हैं और छात्रों की समस्याओं एवं उनकी पीड़ा को समझते हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगें जायज हैं और सरकार को तत्काल उनसे वार्ता करनी चाहिए।
उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। डॉ. सिंह ने कहा कि झारखंड में व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है। युवाओं को आगे आकर नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े बदलाव की आवश्यकता है और व्यवस्था में बदलाव के लिए पूरे झारखंड में व्यापक आंदोलन की जरूरत है।
गौरतलब है कि डॉ. अभिषेक सिंह चतरा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं। वह क्षेत्र में कई नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित कर चुके हैं और जरूरतमंद लोगों के नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन में भी सहयोग कर चुके हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।

